भारत सरकार और विश्व बैंक सहायतित अटल भूजल योजना प्रदेश के 10 जनपदों के 26 विकास खण्डों के 550 ग्राम पंचायतों में चलायी जा रही है। डिजिटल भूजल रथ 10 जिलों (चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, झांसी, महोबा, ललितपुर मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली एवं बागपत) में जल संरक्षण एवं संवर्धन के विभिन्न उपायों की जानकारी देगा। इसके तहत गांव-गांव में लोगों को फव्वारा, टपक सिंचाई, वर्षा जल संरक्षण, तालाबों का जीर्णोद्धार इत्यादि के बारे में दृष्य-श्रव्य तकनीकों द्वारा रोचक ढंग से बताएगा। भूजल रथ ग्राम पंचायतों, प्राथमिक स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायती राज संस्थाओं. ग्राम पंचायत एवं जल स्वच्छता समितियों को भी जागरूक करेगा।
चलचित्र और ऑडियो-वीडियो माध्यम से चलेगा जागरूकता कार्यक्रम
डिजिटल भूजल रथ पर चलचित्र, ऑडियो-वीडियो के माध्यम से ग्रामीण समुदाय को भूजल प्रबंधन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी जाएगी। लोग इन्हें देखकर और सुनकर समझ पाएंगे कि अपने-अपने गांव में जल संरक्षण के विभिन्न उपायों को कैसे करें। डिजिटल भूजल रथ के अलावा अनेक जन जागरूकता कार्यक्रम जैसे- जागरूकता रैली, प्रतियोगिता, खेल, जल शपथ, जन सभा, गोष्ठी, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक के आयोजन भी किये जा रहे हैं।