अमर उजाला की ओर से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को बहुमूल्य सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेधावियों को स्मार्ट फोन वितरित किए जाते हैं। टैबलेट वितरित किए जाते हैं लेकिन ध्यान रखें कि इसका प्रयोग अपनी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए करें इस पर पूरी तरह से निर्भर न हों। आजकल देखा जाता है कि लोग लगातार स्मार्टफोन पर ही व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन का अधिक उपयोग बच्चों को कुंद बना देता है। याददाश्त को कमजोर बना देता है। आधे घंटे इसका उपयोग कीजिए, जिससे आपका काम चल जाए। चार-पांच घंटे मत दीजिए।
उन्होंने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि स्मार्टफोन का उपयोग अपना ज्ञान बढ़ाने में, डिजिटल लाइब्रेरी के लिए करें। अगर आप स्मार्टफोन के पिछलग्गू बन जाएंगे तो जैसे इसकी बैटरी डाउन होगी आपकी भी बैटरी डाउन हो जाएगी।
हमारे समय में छात्रों को पहाड़ा याद करवाया जाता था। छात्र खूब अभ्यास करते थे और गणित के कठिन से कठिन सवाल को मिनटों में हल कर देते थे। वो खूब अभ्यास करते थे। तकनीक के नाम पर सिर्फ कैलकुलेटर ही था। उन्होंने कहा कि आज बच्चे आसान से सवालों को नहीं हल कर पाते हैं। इसलिए खूब परिश्रम करें और स्मार्ट फोन का इस्तेमाल समझारी से करें।
मुख्यमंत्री योगी ने छात्रों से कहा कि परिश्रम कभी भी व्यर्थ नहीं जाता है। इसका फल अवश्य मिलता है इसलिए जीवन में कभी भी शॉर्टकट मत तलाशें खूब परिश्रम करें। परिश्रम से हासिल की गई सफलता से स्थायित्व आता है। आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे संवेदनशीलता और निष्पक्षता आती है।