मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस के लोग वंदे मातरम का विरोध करते हैं। वंदे मातरम का विरोध करने वालों को भारत की धरती पर रहने का कोई हक नहीं है। उन लोगों को वहीं जाना चाहिए जहां पर इसका विरोध होता है। हम कह सकते हैं कि भाजपा में कोई भी वंदे मातरम का विरोध नहीं करता है और जो विरोध करे उसे कान पकड़कर बाहर कर देना चाहिए।
तुष्टिकरण की नीति के कारण सपा के लोग अयोध्या और मथुरा के विकास का विरोध करते हैं। इनके शासन काल में कावड़ यात्रा को रोका जाता था। हमने अयोध्या में दीपोत्सव मनाया सपा ने इसका विरोध किया। यूपी देश की आस्था का केंद्र है। सपा के लोग उत्तर प्रदेश को समझ हीं नहीं पाए हैं। विरासत के साथ विकास होना ही तो पुनर्जागरण है।
"सपा सरकार में अपराधी समानांतर सरकार चलाते थे"
मुख्यमंत्री योगी ने सपा के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराधी समानांतर सरकार चला रहे थे। माफिया खुला घूमते थे। न तो बेटियां सुरक्षित थीं और न ही व्यापारी। पर अब यूपी उपद्रव नहीं उत्सव का प्रदेश है। अब प्रदेश में दंगों की जगह टेम्पल इकानॉमी विकसित हो रही है। 2017 के पहले के कुंभ में 12 करोड़ लोग आए थे पर इस बार माघ मेले में ही प्रयागराज में 21 करोड़ लोग स्नान करने आए। ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास जागा है।
"हमारी सरकार सिर्फ माफिया का नहीं मच्छरों का भी इलाज करती है"
उन्होंने कहा कि 2017 के पहले इंसेफलाइटिस से प्रदेश में हर साल मौतें होती थीं। हमने इस पर नियंत्रण लगाया और आज अगर इस तरह के परिणाम आए हैं तो इसका श्रेय पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जाता है। हमारी सरकार सिर्फ माफिया का नहीं मच्छरों का भी इलाज करती है।