लखनऊ। टाटा टेक्नोलॉजी के साथ राजधानी सहित प्रदेश के 149 आईटीआई केंद्रों में शुरू हुए तकनीकी कोर्स और नई कार्यशाला का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही उद्धाटन करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इसी महीने मुख्यमंत्री से उद्घाटन के लिए समय मांगा गया है।
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) और टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश के आईटीआई में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है। परिसर में इलेक्ट्रिकल से जुड़े पाठ्यक्रमों में पढ़ाई भी शुरू हो गई है। नए सत्र से इन पाठ्यक्रमों में विस्तार करने की योजना है।मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने शनिवार को अलीगंज राजकीय आईटीआई परिसर में संचालित नए ट्रेनिंग कोर्स के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अन्य कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
आईएएस अवनीश अवस्थी ने बताया कि प्रदेश के 149 राजकीय आईटीआई में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी नए तकनीकी कोर्स की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनमें इलेक्ट्रिकल मशीन, सीएनसी, रोबोटिक्स व अन्य पाठ्यक्रम शामिल हैं। परिसर के नए भवन में संचालित टाटा टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी ली गई है। एक साल पहले मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया था। सभी संस्थानों में लगभग कार्य पूरा हो गया है। अब इसके उद्धाटन की तैयारी की जा रही है।
अलीगंज राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि टाटा के सहयोग से परिसर में ऑटो इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस जूनियर टेक्नीशियन और सीएनसी एडवांस मशीन, जूनियर टेक्नीशियन प्रोग्रामर जैसे पाठ्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें मोटर मैकेनिक, एडवांस सीएनसी लर्निंग पाठ्यक्रम में पढ़ाई भी शुरू हो गई है। नए सत्र से रोबोटिक्स लर्निंग मशीन पाठ्यक्रम की पढ़ाई भी शुरू होगी।