अंटार्कटिका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी विंसन मैसिफ पर भारतीय झंडा लहराकर लौटीं पद्मश्री अरुणिमा सिन्हा का 13 जनवरी को हरियाणा में जगह- जगह स्वागत होगा। गौरतलब है कि अरुणिमा हरियाणा राज्य की बहू भी है।
उनका विवाह हरियाणा निवासी गौरव सिंह के साथ हुआ है। गौरव भी खिलाड़ी हैं । शूटिंग के क्षेत्र में उन्हें महारथ हासिल है। गुरुवार रात अरुणिमा विदेश से लौटीं। नई दिल्ली में मौजूद अरुणिमा ने दूरभाष पर बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से इस सफलता के लिए बधाई दी व भारतीय ध्वज देकर सम्मानित किया।
सम्मान से आह्लादित अरुणिमा ने कहा कि मुख्यमंत्री से सम्मान मिलना गौरवपूर्ण है। बताया कि इस उपलब्धि को लेकर 13 जनवरी को उनका हरियाणा में कई जगह स्वागत का कार्यक्रम है। इसमें शिरकत करके वे दिल्ली लौटेंगी। इसके बाद लखनऊ आएंगी। यहां कई विशिष्ट लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है।