योगी सरकार लोगों को भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को दर्ज कराने का एक नया प्लेटफार्म देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सीएम-हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इसकी निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) करेगा।
हेल्पलाइन की रूपरेखा तैयार करने के लिए गुजरात व मध्यप्रदेश में लागू इस तरह के सिस्टम का अध्ययन कराया गया है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव संकल्प-पत्र में वादा किया था कि सरकार में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करने के लिए सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में विशेष हेल्पलाइन स्थापित की जाएगी।
सरकार ने इस ओर पहल कर दी है। विशेष सचिव आईटी नवीन कुमार जीएस को कुछ दिन पहले गुजरात भेजा गया था। इसके बाद झांसी के मंडलायुक्त अमित कुमार के निर्देशन में अधिकारियों की एक टीम मध्य प्रदेश भेजी गई।