बिहार के विधानसभा चुनाव में सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सपा नीत तीसरे मोर्चे के ‘पोस्टर ब्वॉय’ हैं। वहां अखिलेश सपा का भी चेहरा हैं। चुनाव सामग्री में कैंप लगाए अखिलेश नए गेटअप में हैं।
पार्श्व में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, उद्योग तथा इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट को चित्रित करते हुए यह दर्शाने की कोशिश की गई है कि किस तरह वह यूपी के विकास के लिए काम कर रहे हैं।
सपा वहां यूपी सरकार की उपलब्धियों का बखान कर बिहार के वोटरों से भी उम्मीदों पर खरे उतरने का दावा करते हुए वोट की अपील करेगी। अखिलेश ने खुद मंगलवार को इसकी शुरुआत कर दी।
मंगलवार को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हाल, गांधी मैदान में बुलाए गए कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए तैयार पोस्टरों से संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में चुनाव की कमान अखिलेश के हाथ में रहेगी।
नीतिश-लालू को ठेंगा दिखाने के बाद बने तीसरे मोर्चे का दारोमदार भी सपा की यूपी सरकार की उपलब्धियों पर टिका है। अखिलेश के ताजा पोस्टर के जरिये सपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि यूपी की तरह वह बिहार में भी विकास को तवज्जो देगी।
हाईटेक होगा चुनाव प्रचार
सूत्रों का कहना है कि बिहार चुनाव में अपनी ताकत दिखाने में सपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। सोशल मीडिया के साथ प्रचार में हाईटेक संसाधनों का इस्तेमाल करने की योजना है। यूपी सरकार की उपलब्धियों तथा आम लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही बड़ी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई गई है।
अखिलेश के भरोसेमंद युवा नेताओं की टीम भी बिहार भेजने की योजना है। प्रचार अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मुंबई की विज्ञापन एजेंसियों से संपर्क साधा गया है। सपा अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए हर तरह के संसाधनों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है।
अखिलेश के पोस्टर के साथ बिहार चुनाव के लिए ‘उम्मीदों का प्रदेश उत्तर प्रदेश’ शीर्षक से तैयार विज्ञापन में लखनऊ आईटी सिटी, लखनऊ मेट्रो, निशुल्क सिंचाई, सौर ऊर्जा, समाजवादी पेंशन योजना, किसान दुर्घटना बीमा योजना, लोहिया ग्रामीण आवास योजना, लैपटॉप वितरण, एक्सप्रेस-वे, कन्या विद्याधन, निशुल्क शिक्षा जैसी योजनाओं पर फोकस है।
सारी कवायद यह संदेश देने की है कि सपा सरकार ने यूपी में विकास किया और अब वह बिहार में भी विकास का परचम लहराने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में है।