मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाराबंकी के कोठी थाने में महिला को जिंदा जलाने की घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। पुलिस हो या कोई और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब मुख्यमंत्री ने सवालों के जवाब में कहा कि बाराबंकी की घटना गंभीर है और जांच के बाद पता चल जाएगा कि कौन दोषी है। इस मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है और आगे भी निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ जो भी कार्रवाई करनी होगी, की जाएगी। मामले की जांच में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इस बीच मुख्य सचिव आलोक रंजन ने भी डीजीपी जगमोहन यादव को तलब करके बाराबंकी समेत प्रदेश के अन्य जिलों में हाल में हुई घटनाओं पर पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने डीजीपी से कहा है कि बाराबंकी की घटना की जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।