बारिश के बीच भीगते हुए जाता वाहन चालक।
- फोटो : संवाद
लखनऊ। राजधानी में अगले चार दिन बादल मेहरबान हो सकते हैं। शुक्रवार से अगले चार दिन यानी 22 से 25 अगस्त के बीच लखनऊ में कभी हल्की तो कभी भारी बारिश के आसार हैं। 24 व 25 अगस्त को यहां भारी बारिश की परिस्थितियां बन सकती हैं। बारिश से पारे में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
माैसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। बृहस्पतिवार को दोपहर में हजरतगंज, गोमतीनगर आदि में हल्की फुहारें पड़ीं। इसके बाद दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से लखनऊ में चार दिन अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। 24 व 25 अगस्त को यहां भारी बारिश के संकेत हैं। बृहस्पतिवार को दिन का अधिकतम तापमान बिना बदलाव के 33.5 डिग्री दर्ज हुआ जबकि न्यूनतम 0.2 डिग्री की मामूली कमी के साथ 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।