हजरतगंज में सोमवार दोपहर हुई बारिश के दाैरान गुजरते वाहन चालक।
लखनऊ। सोमवार को हजरतगंज, महानगर, पुराने लखनऊ, गोमतीनगर, आलमबाग में हल्की बारिश हुई। इस बारिश और दिन भर आसमान में बादलों की माैजूदगी के असर से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। माैसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले दो दिन तक माैसम सुहाना रहने वाला है। मंगलवार को अच्छी बारिश के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को लखनऊ में बादलों की सक्रियता ज्यादा रहेगी। इस दौरान बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में दो डिग्री तक की कमी आने के आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री की मामूली कमी के साथ 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।