कोतवाली के बाहर डाला मरा कुत्ता।
- फोटो : amar ujala
शुक्रवार की रात कस्बा स्थित चौकी के पास अलाव जलाने की बात को लेकर नगर पंचायत में तैनात एक सफाईकर्मी का दरोगा से विवाद हो गया था। इस दौरान दरोगा ने सफाईकर्मी को लात मार दी थी। मामले में दरोगा पर कार्रवाई नहीं की गई तो सफाईकर्मियों ने शनिवार को कार्य बहिष्कार किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मरे कुत्ते का शव कोतवाली गेट के बाहर डाल दिया गया।
साफ कहा गया कि दरोगा पर कार्रवाई न होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। बीती शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देते हुए कस्बे की सुनीता पत्नी शिवकुमार ने बताया कि उसका पुत्र तुषार नगर पंचायत में सफाई कर्मी है। जिसकी ड्यूटी कार्यालय से ठंड के प्रकोप के बचाव हेतु नगर पंचायत में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने हेतु लगाई गई है।
शुक्रवार की शाम करीब सात कस्बा स्थित पुलिस चौकी पर वह अलाव जला रहा था। इस पर वहां मौजूद एसएसआई देवेंद्र भदौरिया ने कहा कि क्या सड़क पर अलाव जलाओगे। इस पर तुषार ने बताया कि रोजाना यहीं पर अलाव जलाया जाता है।
इसी बात पर दरोगा उग्र हो गए और गालियां देते लात मार दी साथ ही एक होमगार्ड के माध्यम से तुषार को कोतवाली भेज दिया। बताते हैं कि मामले की जानकारी जब सफाईकर्मियों को हुई तो वह कोतवाली पहुंचे और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया था।