लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, संगीत मिलन संस्था और भातखंडे पूर्व छात्र संघ के संयुक्त तत्वावधान में 24 और 25 जुलाई को शास्त्रीय संगीत व नृत्य प्रतियोगिता क्लासिकल वॉइस ऑफ अवध-2026 आयोजित होगी। भातखंडे विवि पहली बार इस प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग कर रहा है। इसमें लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, अयोध्या, हरदोई, कन्नौज, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर और रायबरेली के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। अब तक 80 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं।
प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में होगी। कनिष्ठ वर्ग में नौ से 14 वर्ष तक, मध्य वर्ग में 15 से 20 वर्ष और वरिष्ठ वर्ग में 21 से 28 वर्ष के प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में खयाल, ध्रुपद, ठुमरी, तबला व अन्य भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्र के साथ कथक और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां होंगी। विजेताओं को दिसंबर में लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की संगीत प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।