...तो सिलेबस अप्रूवल बिना ही चलेंगी कक्षाएं!
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। विवि का नया सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है, जबकि कक्षाएं 9 जुलाई से चलनी हैं। मगर अभी तक कला व विज्ञान संकाय के कई विभागों के सिलेबस एकेडमिक काउंसिल से अप्रूव ही नहीं हुए हैं। ऐसे में बिना सिलेबस अप्रूवल के ही कक्षाएं शुरू करनी पड़ेंगी।
विवि के नियमों के अनुसार विभागों के सिलेबस पहले विभाग की बोर्ड ऑफ स्टडीज, फिर संकाय स्तर पर फैकल्टी बोर्ड से पास कराकर एकेडमिक काउंसिल से अप्रूव कराया जाता है, जिसके बाद यह प्रभावी माना जाता है। विवि प्रशासन ने पिछले सत्र में बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम वर्ष में सेमेस्टर सिस्टम लागू किया है। इसके पहले व दूसरे सेमेस्टर का सिलेबस अप्रूव कराकर पढ़ाई शुरू करा दी थी। मगर दूसरे व तीसरे साल का सिलेबस अप्रूव नहीं हुआ था।
गर्मी की छुट्टियों में विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों व कला संकाय के विभागों के सिलेबस बोर्ड ऑफ स्टडीज व फैकल्टी बोर्ड से अप्रूव होकर आ गए हैं। मगर एकेडमिक काउंसिल की बैठक नहीं हुई। इसी तरह कई अन्य विभागों में सिलेबस अपडेट भी किया गया है। इसका भी अप्रूवल नहीं हुआ है। ऐसे में 9 जुलाई से सेमेस्टर सिस्टम की दूसरे वर्ष की कक्षाएं बिना सिलेबस अप्रूवल के ही शुरू करनी पड़ेंगी।
शुरू हुई रिपोर्टिंग, परिसर हुआ गुलजार :
विवि में प्रवेश काउंसलिंग के बाद जिन छात्रों को सीट अलॉट हुई हैं उन्हें डीन कार्यालय में 4 से 8 जुलाई तक रिपोर्टिंग का समय दिया गया है। पहले दिन ही कला, विज्ञान, कॉमर्स व लॉ डीन कार्यालय में डाक्यूमेंट जमा कराने वाले विद्यार्थियों की सुबह से शाम तक लंबी लाइन लगी रही। प्रथम वर्ष के साथ ही तीसरे सेमेस्टर व तीसरे वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी अपनी फीस जमा कराने पहुंचे। ऐसे में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने से एक दिन पहले ही परिसर गुलजार हो गया।
पहली बार विवि पहुंचे छात्र-छात्राओं के चेहरे की चमक देखने लायक थी। उन्होंने डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन आदि की औपचारिकता के बाद अपने अभिभावकों के साथ विभाग व परिसर भी देखा। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट जमा हो गए हैं, डीन कार्यालय से उसकी ऑनलाइन सूचना भेजी जाएगी, यही अभ्यर्थियों का प्रवेश माना जाएगा। अगर किसी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं लेना है तो भी उन्हें संबंधित डीन कार्यालय को सूचना देनी होगी।
कुलपति से लेंगे अप्रूवल
एकेडमिक काउंसिल से सिलेबस अप्रूव होना चाहिए। मगर बैठक न होने की दशा में कुलपति इसे अप्रूव करते हैं। ऐसे में कुलपति से अप्रूवल लेकर कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसमें किसी तरह का संशय नहीं है। जब एकेडमिक काउंसिल होगी तब इसे पास कर दिया जाएगा।
- प्रो. एनके पांडेय, प्रवक्ता, लविवि