लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार से बीए प्रथम वर्ष के लिए प्रवेश काउंसिलिंग शुरू हुई। वहीं कॉलेज प्रशासन ने निर्णय लिया कि बीए की कक्षाएं नौ सितंबर से शुरू होंगी। नए सत्र 2022-23 में फर्स्ट ईयर की क्लास शुरू करने वाला यह पहला कॉलेज होगा।
कॉलेज में बीए में 11 विषय हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, भूगोल, मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, गणित एवं सांख्यकीय हैं। विद्यार्थियों को मूल प्रमाण पत्रों के वेरिफिकेशन व अन्य औपचारिताओं के बाद उनकी वरीयता के अनुसार तीन विषयों का अलॉटमेंट किया गया। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीए में कुल 440 सीटों के सापेक्ष पहले दिन 200 छात्र-छात्राओं को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया जिसमें से 148 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। बीए की प्रवेश काउंसिलिंग दो व तीन सितंबर को होगी। बीकॉम की प्रवेश काउंसिलिंग छह सितंबर से शुरू होगी।
पीजी प्रवेश की मेरिट जारी, काउंसिलिंग तीन से
नेशनल पीजी कॉलेज में पीजी कोर्सों एमए, एमकॉम व एमएससी एंथ्रोपोलॉजी में प्रवेश की मेरिट जारी कर दी गई। इनकी काउंसिलिंग तीन सितंबर से शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, एमकॉम प्योर में 267 में से 120 विद्यार्थियों को, भूगोल में 60 सीटों के सापेक्ष 103, साइकोलॉजी में 40 सीटों पर 86 विद्यार्थियों को काउंसिलिंग में बुलाया गया है। बाकी विषयों में सभी को बुलाया गया है। प्राचार्य प्रो. सिंह ने बताया कि चूंकि अभी विवि के स्नातक के परिणाम नहीं आए हैं, इसलिए विद्यार्थियों से अंडरटेकिंग लेकर प्रवेश लिया जाएगा। अगर परीक्षा परिणाम पीजी के लिए पूरा नहीं होगा तो प्रवेश निरस्त कर फीस वापस कर दी जाएगी।
नगर निगम डिग्री कॉलेज में तीसरी मेरिट जारी
अटल बिहारी बाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तीसरे मेरिट जारी कर दी गई है। इसके अनुसार, सामान्य वर्ग के 59.40, ओबीसी के 58.60, एससी के सभी अभ्यर्थी, ईडब्ल्यूएसके सभी अभ्यर्थी दो सितंबर को प्रवेश के लिए कॉलेज में उपस्थित हों। प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेज के साथ कॉलेज में पांच सितंबर तक अपना प्रवेश सुनिश्चित करा सकते हैं।