लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और संत कबीर अकादमी संस्कृति विभाग के बीच बृहस्पतिवार को एक एमओयू हुआ। इसमें विवि के कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह और संत कबीर अकादमी के विशेष सचिव व निदेशक आनंद कुमार ने इस पर हस्ताक्षर किए। डॉ. सिंह ने बताया कि एमओयू के अनुसार, दोनों संस्थान परस्पर गतिविधियों के माध्यम से देश एवं समाज में एकता, अखंडता और नैतिकता का संरक्षण व संवर्द्धन करने के लिए काम करेंगे। साथ ही शोध, प्रदर्शन, शिक्षण, प्रकाशन के लिए दोनों मिलकर वातावरण का निर्माण करेंगे और काम भी करेंगे। दोनों संस्थानों के बीच तीन वर्ष के लिए यह समझौता हुआ है। इस अवसर पर बीबीएयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राणा प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। संत कबीर के साहित्य को लेकर व्यापक तौर पर काम कर रहे लोकायन संस्थान के साथ भी एक एमओयू किया गया है।