लखनऊ कैंट के सदर इलाके में बुधवार सुबह स्कूल जा रही कक्षा तीन की छात्रा रिचा कुमारी (11) को बेकाबू कार ने कुचल दिया। खून से लथपथ छात्रा आधे घंटे तक सड़क पर तड़पती रही लेकिन किसी ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश नहीं की। तभी उधर से गुजरे फौजी ने उसे अपनी कार से कमांड अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इससे गुस्साए परिवारीजनों और इलाकाई लोगों ने जमकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर भरत कुमार गौतम ने हादसे के बाद मौके से भाग निकले कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि बनियामोहाल निवासी सूरज कुमार शाह केजीएमयू में सीएमएस कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार में पत्नी निर्मला देवी, बेटी पूजा, प्रिया और पुत्र कृष्णा हैं। बेटी रिचा घर के पास ही संस्कृत पाठशाला में कक्षा तीन की छात्रा थी।
बुधवार सुबह पैदल स्कूल जा रही थी तभी रास्ते में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर से उछली रिचा को रौंदते हुए कार निकल गई। खून से लथपथ रिचा सड़क पर तड़पती रही, लेकिन किसी ने उसे हाथ नहीं लगाया। छात्रा का एक सहपाठी उधर से गुजरा तो उसे परिवारीजनों को सूचना दी।
इसी दौरान एक फौजी कार से वहां आ गया। भीड़ देखकर उसने पूछताछ की तो पता चला कि बच्ची के साथ दुर्घटना हो गई है। फौजी ने तत्काल रिचा को अपनी कार में डाला और कमांड अस्पताल ले गया। हालांकि, तब तक रिचा की मौत हो चुकी थी।उधर संस्कृत पाठशाला में शोक का माहौल छा गया।