लखनऊ। चिनहट में रहने वाली कक्षा 10 की छात्रा को एक युवक अगवा कर ले गया। छात्रा की उम्र 17 वर्ष है। छात्रा के पिता का आरोप है कि प्यार के जाल में फंसा कर उनकी बेटी को धर्मांतरण के लिए अगवा किया गया है। इंस्पेक्टर डीसी मिश्र का कहना है कि तहरीर के आधार पर बिहार के चंपारण पिपरा निवासी आसिफ के खिलाफ चिनहट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी और छात्रा की तलाश की जा रही है।
छात्रा के पिता के अनुसार, 18 जनवरी को उनकी बेटी घर से निकली थी। काफी देर तक वह नहीं लौटी। छानबीन करने पर पड़ोस में रहने वाली लड़की ने बताया कि उसकी मां जिस अस्पताल में काम करती हैं वहीं पर आसिफ भी नौकरी करता है। आसिफ उसकी मां को छोड़ने घर आता था। इसी दौरान छात्रा की मुलाकात आसिफ से हुई थी। आसिफ ने कुछ दिन पहले छात्रा को चॉकलेट और कुछ रुपये भी दिए थे। पीड़ित पिता ने जब छानबीन की तो पता चला कि आरोपी को पूरा नाम नईमुल्लाह है। आरोपी ने साथी शमसाद के साथ मिलकर उनकी बेटी को अगवा किया है। आरोपी चिनहट के बुद्ध विहार कॉलोनी में ही किराये के मकान में रहता है।
इंस्टाग्राम के जरिये दी धमकी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने जब बेटी की तलाश शुरू की तो इंस्टाग्राम के जरिये उन्हें धमकी दी गई। धमकी भी बेटी की आईडी से ही दी गई है। आरोप है कि आरोपी उनकी बेटी का धर्मांतरण कराना चाहते हैं। पीड़ित ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर छात्रा को सकुशल वापस लाया जाएगा। सर्विलांस की मदद से आसिफ और उसके साथी के बारे में पता लगाया जा रहा है।