यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा फैसला करते हुए कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव, जयाप्रदा समेत कुल छह मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया है।। इस संबंध में अखिलेश यादव ने राज्यपाल राम नाईक को पत्र भेज दिया, जिसके बाद राज्यपाल ने चार मंत्रियों शिवपाल सिंह यादव, नारद राय, शादाब फातिमा ओर ओम प्रकाश को पदमुक्त कर दिया और गवर्नर हाउस ने इनकी सूची जारी कर दी।
पार्टी में छिड़े घमासान के बाद पार्टी के सीनियर लीडर्स रेवती रमण, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, किरणमय नंदा, बेनी प्रसाद वर्मा ने मुलायम से आवास पर उनसे मुलाकात की। वहीं गायत्री प्रजापति और राजा भइया ने सीएम अखिलेश से मुलाकात की।
मिलने के बाद राजा भइया ने कहा, मुख्यमंत्री से अच्छी बातचीत हुई। उनके फैसलों का सम्मान करना पड़ेगा। वहीं राजा भइया ने पार्टी से जुड़े सभी लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की बयानबाजी और नारेबाजी से बचें। इस उठापटक के बीच सीएम अखिलेश यादव के आवास के चारों ओर बेरीकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी को भी सीएम आवास पर जाने की मनाही है। वहीं मुलायम सिंह के आवास के बाहर भी सुरक्षा बल तैनात किए गए।