फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच के कस्बे में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, फायरिंग व पथराव, 15 गिरफ्तार

Thu, 11 Oct 2018 01:20 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बहराइच
विज्ञापन
बवाल के बाद सड़क पर पड़े पत्थर। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

बहराइच जिले के रिसिया कस्बे में स्थित मोहल्ला गायत्री नगर में मूर्ति स्थापना को लेकर बुधवार देर रात दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। पथराव के साथ फायरिंग हुई। जिसमें लगभग 20 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस और पीएसी के जवानों ने किसी तरह सुबह तक हालात पर काबू पाया। इलाके में चार थाने की पुलिस व एक ट्रक पीएसी के जवान तैनात हैं।

विज्ञापन


रात में हुए उपद्रव के मामले में 40 नामजद व 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। डीएम व एसपी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। अब तक 15 उपद्रवी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शेष की धरपकड़ के लिए छापेमारी चल रही है।
 
रिसिया थाना अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला गायत्री नगर में स्थित पूजित कुआं के निकट बुधवार रात 11:30 बजे के आसपास कुछ लोग मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर स्थापना करने पहुंचे। जयकारों के बीच प्रतिमा स्थापना का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सैकड़ों की संख्या में एक समुदाय विशेष के लोग मौके पर आ धमके। कहासुनी शुरू हो गई।
विज्ञापन


इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। पत्थर भी फेंके। जिससे भगदड़ मच गई। जमकर पथराव हुआ। यह संघर्ष लगभग एक घंटे तक रुक-रुक कर चला। जिससे मोहल्ले के मार्गों पर ईंट और पत्थर बिछे नजर आ रहे हैं।

विज्ञापन

हालात बेकाबू होने पर पहुंचे बड़े अफसर

संघर्ष की सूचना पाकर रिसिया पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन हालात बेकाबू देखकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रवींद्र कुमार, खैरीघाट, रानीपुर, कोतवाली देहात, रामगांव, नानपारा व दरगाह थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। किसी तरह हालात को काबू में किया गया। रात में ही एक ट्रक पीएसी बुलायी गयी।

इस मामले में 40 नामजद व 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। सुबह डीएम माला श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक सभाराज ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। उपद्रवियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शेष नामजद उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें