कड़ी सुरक्षा निगरानी के बीच चार अक्तूबर को जिले के 91 केंद्रों पर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विस प्री परीक्षा आयोजित होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 43,961 परीक्षार्थी भाग लेंगे। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराते हुए परीक्षा को सम्पन्न कराया जाए। परीक्षा संचालन के लिए जिले में 91 केंद्र बनाए गए है। रविवार को होने वाली इस परीक्षा की सघन निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर दो-दो निरीक्षक लगाए गए हैं।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 11.30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगी। डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग और कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को चेक कर लिया जाए कि वह कार्यशील है अथवा नहीं। इसके साथ ही 3 अक्तूबर को सायंकाल संपूर्ण परिसर, परीक्षा कक्ष एवं फर्नीचर को भली प्रकार से सैनिटाइज कर केंद्र को लॉक कर दिया जाए।