लखनऊ। शहर के स्टार पैडलर लक्ष्य कुमार ने यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में धमाकेदार प्रदर्शन कर चार खिताबों पर कब्जा जमाया। उन्होंने यूथ बालक (अंडर-19), जूनियर बालक (अंडर-17), सब-जूनियर बालक (अंडर-15) और कैडेट बालक (अंडर-13) वर्ग में यह सफलता हासिल की।
बरेली में खेली जा रही प्रतियोगिता में लखनऊ के प्रणीत अग्रवाल ने होप्स (अंडर-11) वर्ग का खिताब अपने नाम किया। गाैरतलब कि लक्ष्य ने चारों फाइनल मुकाबले एक ही दिन में जीते। इस दाैरान उनपर थकान का असर भी कम दिखा। प्रतियोगिता के यूथ वर्ग के फाइनल में लक्ष्य ने ग्रेटर नोएडा के गर्व को रोमांचक मुकाबले में 7-11, 12-10, 11-9, 9-11, 11-5 से हराया।
जूनियर वर्ग के फाइनल में उन्होंने मुरादाबाद के विख्यात कटियाल को 9-11, 7-11, 11-6, 11-6, 11-5 से शिकस्त दी। सब-जूनियर वर्ग में लक्ष्य ने लखनऊ के ही शौर्य गोयल को 11-3, 11-8, 11-5 से पराजित किया, जबकि कैडेट वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद के विक्रम दुबे 11-9, 6-11, 11-6, 11-5 को हराकर चौथा खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में लखनऊ के प्रणीत अग्रवाल ने होप्स बॉयज (अंडर-11) वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में ग्रेटर नोएडा के एचएस मोहाल को 11-7, 11-7, 11-4, से हराकर स्वर्ण पदक जीता। लखनऊ के अन्य खिलाड़ियों ने अन्य वर्गों में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शौर्य गोयल सब-जूनियर बालक में उपविजेता रहे।
पुरुष एकल सेमीफाइनल में लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव ने अंतिम चार में जगह बनाई। इसी तरह पुरुष वर्ग में लखनऊ के आशुतोष सिंह भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ सके। प्रतियोगिता के समापन पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के सचिव अरुण कुमार बनर्जी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।