लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के कारण शनिवार को सिटी बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। एयरपोर्ट, शहीद पथ और अमौसी रूट पर चलने वाली 22 बसों पर इसका असर पड़ेगा। सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन बसों का संचालन पूरी तरह बंद करने के मूड में नहीं है। कार्यक्रम के रूट पर बसों को नहीं उतारा जाएगा और इन्हें बदले रूट से चलाया जा सकता है।
विज्ञापन
लखनऊ में सिटी ट्रांसपोर्ट 125 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करता है। कमता से शहीद पथ के रास्ते एयरपोर्ट और अमौसी के लिए ई बसें चलती हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर सिटी बसों का संचालन प्रभावित होगा। कार्यक्रम के बाद बसों का संचालन सामान्य हो जाएगा। सिटी ट्रांसपोर्ट एमडी विमल राजन ने बताया कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि कम से कम बसों का संचालन बाधित हो।