यूपी के हर बड़े शहर में जाम की समस्या है।
- फोटो : सोशल मीडिया
यातायात निदेशालय का नवनिर्मित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जल्द प्रदेश के मुख्य शहरों में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाएगा। इसकी स्थापना का काम तकरीबन पूरा हो चुका है और जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसका शुभारंभ किया जाएगा।
बता दें कि कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को प्रदेश के ऐसे बड़ों शहरों के एंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) से जोड़ा जा रहा है, जहां के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। गूगल मैप के जरिए जाम वाले इलाकों को चिन्हित कर उनके बारे में तत्काल स्थानीय यातायात पुलिस के अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।
साथ ही, जाम खत्म करने के तरीकों के बारे में मुख्यालय स्तर से दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। इससे जुटाए गये डाटा का विश्लेषण कर पता लगाया जाएगा कि किस सड़क पर किस वक्त जाम लगता है। इससे जाम के कारणों का पता लगाना आसान होगा और उसका निदान किया जाएगा। वहीं, अगले चरण में बाकी शहरों, राष्ट्रीय राजमार्ग आदि को जोड़ा जाएगा।
यातायात निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का काम पूरा हो चुका है। अब इसे शहरों के आईटीएमएस से जोड़ा जा रहा है। तत्पश्चात इसका शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री से समय देने का अनुरोध किया जाएगा।