कोलकाता की पटरियों पर चीन की मेट्रो दौड़ेगी। कोलकाता में चलने वाली मेट्रो गाड़ियां चीन से आयात की जाएंगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने चीन की कंपनी डेलियन लोकोमोटिव एंड रोलिंग स्टॉक कंपनी लि. को ऑर्डर जारी कर दिया है।
इस क्रम में चीन से आए कंपनी के अफसरों ने आरडीएसओ के अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इन गाड़ियों का एक प्रोटोटाइप (नमूना) इस वर्ष के अंत तक कोलकाता पहुंच जाएगा।
गुरुवार को चीनी कंपनी के डिप्टी मैनेजर (इंपोर्ट-एक्सपोर्ट) झोऊ छुनयी, डिप्टी डायरेक्टर (अर्बन रेल टेक्नोलॉजी डिजाइन एंड डेवलपमेंट) वॉन्ग इरवी अपने भारतीय सहयोगियों के साथ आरडीएसओ के महानिदेशक पीके श्रीवास्तव से मिले।
गौरतलब है कि रेलवे बोर्ड ने कंपनी को कुल 14 गाड़ियां सप्लाई करने का ऑर्डर दिया है। इसी क्रम में कंपनी के अधिकारियों ने महानिदेशक को गाड़ियों के निर्माण की प्रगति से अवगत कराया।