लखनऊ। 12 साल उम्र तक के वन्यजीव प्रेमियों को नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश मिलेगा। वन्य प्राणि सप्ताह के तहत चिड़ियाघर प्रशासन ने बृहस्पतिवार से आठ अक्तूबर तक यह छूट दी है।
चिड़ियाघर की निदेशक अदिति सिंह ने बताया कि सुविधा का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को स्कूल की यूनिफार्म में आना होगा। पहचान पत्र होना भी जरूरी है। 12 साल उम्र से ऊपर वालों को कम से कम 50 के समूह में आने पर ऑनलाइन टिकट पर 20 फीसदी की छूट दी जाएगी। चिड़ियाघर में पांच साल उम्र तक के बच्चों का निशुल्क प्रवेश, 12 साल उम्र तक के बच्चों के लिए 40 रुपये, जबकि उससे अधिक उम्र के लिए 80 रुपये का टिकट है।
उन्होंने बताया कि वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रतियोगिता होंगी। इसके अलावा रंगोली, मेंहदी व अन्य प्रमुख प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
बच्चों को इसी सप्ताह नए पार्क की मिलेगी सौगात
उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर घूमने आने वाले बच्चों को इसी सप्ताह नए पार्क की सौगात मिलेगी। यहां बच्चों के लिए सभी खेल सामग्री होगी। वन्य जीव देखने के साथ ही खेल पार्क का भी आनंद ले सकेंगे। चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि झूला पार्क की मरम्मत आखिरी चरण में है। यह झूला पार्क जल्द ही नए स्वरूप में दर्शकों को देखने को मिलेगा।