डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान।
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने नर्सिंग भर्ती स्क्रीनिंग परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। स्क्रीनिंग परीक्षा में ओपन श्रेणी की कटऑफ 69.5 फीसदी रही है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी की कट ऑफ 51, ओबीसी की 62, एससी की 48.5 और एसटी की 40 फीसदी रही।
संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विक्रम सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल होने वालों को मुख्य परीक्षा में शामिल किया जाएगा। स्क्रीनिंग परीक्षा सात सितंबर को देश भर के 133 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। मुख्य भर्ती परीक्षा 11 अक्तूबर को प्रस्तावित है। भर्ती के लिए सिर्फ मुख्य परीक्षा के अंक ही जोड़े जाएंगे। स्क्रीनिंग में सफल होने वाले 6,746 परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल किया जाएगा। संस्थान में नर्सिंग के करीब 665 पद हैं।