लखनऊ। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, समाज कल्याण विभाग व जिला प्रशासन के सहयोग से स्माइल परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को राजभवन में दो दिवसीय खेल महोत्सव की शुरुआत हुई। राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने इसकी शुरुआत की।
खेल महोत्सव में पारंपरिक खेलों नींबू-चम्मच दौड़, बोरा रेस, मेंढक दौड़, गुब्बारा रेस, खो-खो, रस्साकशी, 40 मीटर और 100 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में बच्चों ने शिरकत की। महोत्सव में नगराम, सुगमाऊ, चिनहट, सदर, बुलबुलपुर और नवादा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 500 पुनर्वास किए गए बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की।
विजेता व प्रतिभागी बच्चों को 13 दिसंबर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सम्मानित करेंगी। उम्मीद संस्था की ओर से अयोध्या, कुशीनगर, कानपुर व मथुरा में भी स्माइल परियोजना चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत पूर्व में भिक्षावृत्ति में लगे बच्चे आज शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास की राह पर अग्रसर हैं।
इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की अध्यक्ष अंजली पांडेय, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्रा तथा उम्मीद संस्था के संस्थापक व सचिव बलबीर सिंह मान आदि उपस्थित थे।