लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मैलानी जंक्शन पर शनिवार को स्टेशन महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर मैलानी-दुधवा स्टेशनों के मध्य हेरिटेज टूरिस्ट स्पेशल कोच के साथ ट्रेन चलाई गई और इसके माध्यम से स्कूली बच्चों को प्राकृतिक वन क्षेत्र का भ्रमण कराया गया।
पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन रेलवे की समृद्ध विरासत प्रदर्शित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किया गया था। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि रेलवे बोर्ड की निदेशक आशिमा मेहरोत्रा व नेशनल रेल म्यूजियम के निदेशक दिनेश गोयल भी उपस्थित थे।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक रिकिता ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया। स्थानीय थारू जनजाति के कलाकारों ने थारू नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने बताया कि छोटी लाइन पर संचालित होने वाली विस्टाडोम सवारी गाड़ी में अधिकाधिक लोगों को आकर्षित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मैलानी जंक्शन को 18 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है।