लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद में बृहस्पतिवार को अपने भाई व अन्य बच्चों संग घूमने निकले छह साल के मासूम की घंटाघर तालाब में गिरकर डूबने से मौत हो गई।
ठाकुरगंज के शिवपुरी के रामगंज में रहने वाले मुमराज खान का बेटा निहाल खान (6) बृहस्पतिवार को दिन में करीब 11 बजे अपने भाई व मोहल्ले के अन्य बच्चों संग घंटाघर के पास घूमने गया था। जहां खेलते वक्त निहाल घंटाघर के बगल में बने तालाब में गिर गया। सूचना पर सतखंडा चौकी प्रभारी संजीव चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे।
चंद मिनट में ही बच्चे को तालाब से निकलवाकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घंटाघर स्थित तालाब में डूबने से पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी न तो तालाब किनारे रेलिंग लगवाई जा रही है और न ही सुरक्षा के कोई अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं।