मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने गोरखपुर के बाद वाराणसी जिले की निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों को तय मानक व एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पांडेयपुर के निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने लोकभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर के उच्चीकरण का काम अक्तूबर तक और बीएचयू में निर्माणाधीन सर सुंदर लाल अस्पताल में 100 शैय्यायुक्त एमसीएच विंग का निर्माण दिसंबर तक पूरा कराकर संचालन शुरू कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण के कार्यों में तेजी लाने, दशाश्वमेध घाट पर पर्यटक सुविधा और कॉम्प्लेक्स का विकास कराने को कहा है।