भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद व ओम प्रकाश राजभर।
- फोटो : amar ujala
भीम आर्मी के प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने शनिवार को राजधानी में सुभासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मिलकर राजनीतिक हालात पर मंत्रणा की। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चंद्रशेखर, भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल हो सकते हैं।
राजभर ने बताया कि चंद्रशेखर से करीब एक घंट बातचीत हुई है। उन्होंने भागीदारी मोर्चा में शामिल होने पर सहमति जताई है। चंद्रशेखर ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार में दलित व पिछड़े उपेक्षित हैं। उन्हीं के मुद्दों पर राजभर से वार्ता हुई है।
चर्चा हुई है कि पूर्वांचल में दलितों और पिछड़ों को कैसे जोड़ा जाए। आने वाले दिनों में पूर्वांचल का दौरा करेंगे। न्यूनतम साझा कार्यक्रम बनाएंगे। अभी एक-दो दौर की वार्ता और होगी। उसके बाद एक मंच पर आने का एलान किया जाएगा।
अखिलेश के गढ़ से चुनावी अभियान शुरू करेंगे ओवैसी
वहीं, बिहार के सीमांचल में पांच विधानसभा सीट जीतने से उत्साहित एआईएमआईएम सुप्रीमो असुद्दीन ओवैसी पूर्वांचल से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ उनके खास निशाने पर रहेगा। ओवैसी 12 जनवरी को वाराणसी आएंगे। वह सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ आजमगढ़, मऊ, वाराणसी व जौनपुर जिलों में सियासी संभावनाएं तलाशेंगे।