प्रदेश में इस बार गेहूं खरीद इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ परचेज (ई-पॉप) मशीनों से की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इस व्यवस्था को समय से लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के समक्ष एमएसपी के तहत बायोमीट्रिक सत्यापन द्वारा गेहूं व धान खरीद के लिए ‘ई-पॉप’ मशीन की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतीकरण किया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि ई-पॉप से खरीद की व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि किसानों को कोई समस्या न हो।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि क्रय केंद्रों पर ‘ई-पॉप’ मशीन से खरीद लागू होने से वास्तविक किसानों को एमएसपी का सीधा लाभ मिलेगा। पारदर्शी व उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। रीयल टाइम डाटा मिल सकेगा। बिचौलियों तथा अनधिकृत व्यक्तियों की भूमिका पर अंकुश लगेगा। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि विक्रय के समय किसान अथवा उसके द्वारा नामित परिवार के सदस्य का बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा। ई-पॉप मशीन से खरीद की प्रिंटेड रसीद जारी होगी, जो किसान को प्राप्त कराई जाएगी।