सीएम योगी ने वहां मरीजों का हाल जाना
- फोटो : amar ujala
ट्रॉमा सेंटर में लगी आग के हादसे के बाद वहां की जमीनी स्थिति जानने के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ वहां पहुंच चुके हैं। उनके साथ प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन और स्वास्थ्य सचिव भी मौजूद थे। शनिवार शाम सात बजे लगी भीषण आग में मरीजों के परिवारीजनों ने आठ लोगों ने मौत होने की बात कही है, जबकि प्रशासन ने इससे इनकार किया है।
प्रमुख स्वास्थ्य सचिव का कहना है कि सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में पहुंचा दिया गया है। अगले 24 घंटे में फिर से ट्रॉमा में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि लखनऊ में केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में शनिवार शाम आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस फोर्स, डीएम राज कौशल, एसएसपी दीपक कुमार और 25 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक ट्रामा सेंटर के सेकेंड फ्लोर पर आग लगी थी। खबर फैलते ही ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर के मरीजों को बाहर निकाल लिया गया। करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। केजीएमयू कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट का दावा कि सभी मरीज सुरक्षित है। जबकि तीमारदारों का कहना है कि ऑक्सीजन न मिलने से करीब 7 मरीजों की मौत हो गई है।
अभी तक सामने आ रहे कारणों पर यही कहा जा रहा है कि ट्रॉमा में आग से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए और तीन दिन में रिपोर्ट तलब की। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ट्रॉमा प्रशासन ने हादसे में एक भी मौत होने की बात से इनकार किया है और कहा कि मरीजों को सुरक्षित निकाल कर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में शनिवार शाम सात बजे भीषण आग लग गई थी, जिससे हड़कंप मच गया।