मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक संक्रमित बीमारी है। जो पंथ, मत, संप्रदाय, धर्म और मजहब नहीं देखती है। इसके लिए जरूरी है कि हम सभी बिना किसी भेदभाव के एक साथ इसका मुकाबला करें। योगी ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अफसरों, स्वास्थ्यकर्मियों व अन्य लोगों को स्वयं को बचाने की हिदायत दी गई है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए निर्णय व उपायों से देश में इस पर अब तक नियंत्रण किया जा सका है।
पीएम मोदी द्वारा समय पर उठाए गए कदमों के कारण ही देश में कोरोना सेकंड स्टेज पर रूक गया है। योगी ने कहा कि मीडिया का हर समाज पर गहरा असर होता है, इस कारण सभी से अपील करने के लिए यह पहल की गई है। योगी ने कहा कि मीडियाकर्मी अपने सुझाव मौखिक व लिखित रूप में दे सकते हैं।
मास्क के बारे में जागरूक करने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को मास्क के विषय में भी जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी कॉटन व कपड़े से तैयार ट्रिपल लेयर मास्क को सबसे अच्छा बताया है। एन- 95 मास्क मेडिकल प्रैक्टिस करने वालों के लिए ही जरूरी है। जनसामान्य के लिए कपड़े से तैयार मास्क बेहतर है। अगर मास्क नहीं उपलब्ध है तो साफ कपड़ा, साफ तौलिया व बड़े रूमाल का प्रयोग मास्क के तौर पर हो सकता है। उन्होंने इन बातों पर जागरूकता के लिए मीडिया से सहयोग मांगा।