मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में कई पर्व-त्योहार हैं। इसके लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में बाजारों में दुकानदार व ग्राहक दोनों का मास्क पहनना सुनिश्चित कराएं, जिससे भीड़ में कोई भी व्यक्ति कोरोना कैरियर न बनने पाए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए कोविड-19 के प्रोटोकॉल तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन कराना आवश्यक है।
उन्होंने दुकानों में सैनिटाइजर की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योगी ने कहा कि संचारी रोगों के नियंत्रण के साथ महिला सुरक्षा व सम्मान तथा सड़क सुरक्षा के बारे में भी लोगों को पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जागरूक किया जाए। उन्होंने कोविड-19 के नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष जताया।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टंडन, पुलिस महानिदेशक हितेश सी. अवस्थी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।