बारिश के बीच बलरामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों तथा कोरोना महामारी से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने वनवासी ग्रामों में शीघ्र मूलभूत सुविधाएं बिजली, आवास व पानी आदि पहुंचाने तथा थारु सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण शीघ्र कराने का निर्देश दिया।
नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी व अपराधों को हर हाल में रोका जाए। उन्होंने कोरोना मरीजों के लिए जिले के लेवल-2 अस्पताल तैयार कराने तथा बाढ़ व जलभराव वाले इलाकों को बचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। शनिवार दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे रिजर्व पुलिस लाइंस पहुंचे सीएम ने वहीं हॉल में अधिकारियों तथा चारों विधायकों के साथ समीक्षा बैठक की।
सीएम ने कहा कि कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम तथा केजीएमयू के अधिकारियों से वार्ता कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में बनने वाले केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास व निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।