यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित आवास पर विधायकों से मुलाकात की और पार्टी में चल रहे घमासान पर चिंतित नजर आए।
विज्ञापन
सीएम ने सुबह नौ बजे कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर विधानमंडल दल की बैठक बुलाई थी। अधिकतर विधायक 10 बजे तक पहुंच गए थे। वहां शपथ पत्र का प्रारूप तैयार था। उसे भरकर हस्ताक्षर करने थे।
विधायकों ने बातचीत में सीएम ने कहा, मैं चाहता था कि मिलकर चुनाव लड़ें। हमने कहा था, तीन महीने हमें फैसले करने दो। हम चुनाव जिताकर दे देंगे। फिर चाहे सारे पद ले लेना, हम खुद हट जाएंगे।
विज्ञापन
उन्होंने गायत्री प्रजापति से कहा, हमने पांच साल मेहनत की है, विकास किया है, प्रदेश को आगे बढ़ाया है। जनता और आपके सहयोग से इसे और आगे ले जाना है, फिर यहीं लौटना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिर सपा की सरकार बनेगी।
Trending Videos
229 विधायकों ने दिया हलफनामा
वहीं, बैठक में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी के अधिकतर विधानसभा और विधान परिषद सदस्यों ने एक बार फिर मुहर लगाई।
सपा विधानमंडल दल की बैठक में करीब 229 एमएलए और 56 एमएलसी ने हलफनामे पर हस्ताक्षर किए कि वे अखिलेश यादव के साथ हैं। ये सभी हलफनामे निर्वाचन आयोग में दाखिल किए जाएंगे।
मंत्री अभिषेक मिश्र, एसआरएस यादव व कुछ अन्य लोग हलफनामे एकत्र कर रहे थे। दोपहर एक बजे तक लगभग सभी विधायकों के हलफनामे भरवाकर ले लिए गए। दोपहर सवा 12 बजे आजम खां भी मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री से लगभग आधा घंटा उनकी बातचीत हुई।
अखिलेश यादव 1.10 बजे आजम खां व गायत्री प्रजापति के साथ मीटिंग हॉल में विधायकों के बीच पहुंचे।
'अब क्षेत्र में जाएं और चुनाव की तैयारी करें'
सीएम ने कहा, आप लोगों को शपथ पत्र लेने के लिए बुलाया था। अब क्षेत्र में जाएं और चुनाव की तैयारी करें, फिर जीतकर आना है। बैठक में एक-दो को छोड़कर सभी मंत्री और अधिकतर विधायक मौजूद थे।
उम्मीद है साइकिल हमारे पास रहेगी
एक विधायक ने अखिलेश से सिंबल को लेकर सवाल किया। सीएम ने कहा कि सिंबल की लड़ाई चल रही है। पुरानी परंपरा रही है कि जिसके साथ विधायकों का बहुमत हो, उसी को सिंबल मिलता है। हमें उम्मीद है कि सिंबल हमारे पास रहेगा।
'मेरे तैयार होने से पहले ही नेताजी दिल्ली चले गए'
अखिलेश ने कहा, मैं तो नेताजी से मिलना चाहता था लेकिन मेरे तैयार होने से पहले ही वे दिल्ली निकल गए। वह मेरे पिता हैं, उनसे हमारी मुलाकात होती रहेगी। वे दिल्ली से लौटेंगे तो हम और आजम साहब उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करने जाएंगे।
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के भाई और कौमी एकता दल के विधायक सिगबतुल्ला ने सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की।
गौरतलब है कि अखिलेश ने कौमी एकता दल के सपा में विलय का विरोध किया था। मुलायम ने सिगबतुल्ला को गाजीपुर की मोहम्मदाबाद सीट से प्रत्याशी बनाया है। सिगबतुल्ला ने अखिलेश से मिलकर उनके प्रति समर्थन जताया। सिगबतुल्ला अभी तक मुलायम व शिवपाल के साथ थे।
मुलायम, शिवपाल गए दिल्ली
इधर, अखिलेश के निवास पर विधायकों की आमद हुई और उधर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव दिल्ली चले गए। इससे पहले मुलायम से काफी लोगों ने मुलाकात की। अधिकतर लोगों ने उनसे पार्टी को बचाने की गुजारिश की। इसके बाद देर शाम वह वापस आ गए।