मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उद्यमियों को जमाने के साथ बदलने की जरूरत है। मार्केटिंग और ब्रांडिंग जरूरी है। यदि जमाने के साथ नहीं बदले तो पीछे छूट जाएंगे। आज कंपटीशन अपने आसपास से बढ़कर वैश्विक स्तर का हो गया है।
विज्ञापन
यूपी की अपनी ताकत है। यहां हर जिले की अपनी इकोनॉमी है। हर जिले में खास उत्पाद हैं। फेसबुक के जरिये उद्यमियों को देश-दुनिया का प्लेटफॉर्म मिल रहा है। इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाना चाहिए।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमतीनगर के एक होटल में फेसबुक के ‘बूस्ट योर बिजनेस’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सूबे के लघु उद्यमियों को देश-दुनिया में अपने उत्पाद पहुंचाने का बड़ा प्लेटफॉर्म मिला है।
विज्ञापन
फेसबुक की मुहिम में पता चला कि वाराणसी में 128 साल पुरानी मिठाई की दुकान चल रही है, मगर उसे कितने लोग जानते हैं। वहीं मैकडोनाल्ड केवल 60 साल पुराना है। उसे देखिए।
फेसबुक के जरिए, पूरी दुनिया ने जाना कन्नौज का इत्र
‘बूस्ट योर बिजनेस’ का एक दृश्य।
- फोटो : amar ujala
उन्होंने कहा, कन्नौज का इत्र सबसे अलग होता है। वहां हर कारोबारी के इत्र की अलग-अलग खूबी है। फेसबुक के जरिये वहां के उद्यमियों को पूरे दुनिया में अपने इत्र की खूबियां पहुंचाने का प्लेटफॉर्म मिला है। फेसबुक की रितेष मेहता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और ए. दास ने आभार जताया।
लैपटॉप महज मशीन नहीं, प्लेटफॉर्म है
मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने जब लैपटॉप बांटे तो लोगों ने जाने क्या-क्या कहा, लेकिन मैं शुरू से कहता रहा हूं कि लैपटॉप महज मशीन नहीं, बल्कि एक प्लेटफॉर्म है। सूचना तकनीक का एक बड़ा माध्यम है।
मोदी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना कहा, मैं सोच रहा था कि हमारे में देश में वह कौन सा व्यक्ति होगा जिसे सबसे ज्यादा लोग फॉलो कर रहे हैं? पता चला कि म्यूजिक क्षेत्र में काम कर रहे व्यक्ति सबसे ज्यादा फॉलो किए जा रहे हैं, मगर हम कुछ और ही सोच रहे थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी म्यूजिक क्षेत्र से जुड़ी पर्सनेलिटी को ही सबसे अधिक फॉलो किया जा रहा है।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने कहा कि सरकार सूबे के 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले हस्तशिल्पियों को जल्द ही पेंशन देगी। इसके लिए बजट में पैसे की व्यवस्था कर ली गई है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री अभिषेक मिश्र ने भी विचार रखे।
एमएसएमई सेक्टर को ई-कॉमर्स का मिलेगा प्लेटफॉर्म : रंजन
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बताया कि लघु उद्यमियों के लिए नया पोर्टल तैयार है। सरकार इसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित कर रही है। इस पर उद्यमी अपने उत्पाद का प्रदर्शन करने के साथ ही ऑर्डर भी बुक कर सकेंगे। कृषि के बाद सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला सेक्टर है।
पांच शहरों में फेसबुक ने चलाया अभियान
कार्यक्रम में लघु उद्यमियों को बताया गया कि वे किस तरह फेसबुक पर अपने बिजनेस या प्रोडक्ट के बारे में पेज बनाकर देश-विदेश में लाखों ग्राहकों से जुड़ सकते हैं। यह उनकी बिक्री बढ़ाने में किस तरह मददगार हो सकता है। फेसबुक का यह अभियान लखनऊ, वाराणसी, इलाहाबाद, कन्नौज और कानपुर जिले में चलाया गया।