मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टीका या टोपी के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं किया जाएगा। गोहत्या व गो-तस्करी सख्ती से रोकी जाएगी लेकिन गोरक्षा के नाम पर किसी को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा व हिंदू संगठनों को बदनाम करने के लिए छद्म रूप में गमछा ओढ़कर गलत काम करने वालों की अब खैर नहीं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में कहा कि पहले सत्ता बदलते ही प्रशासनिक अधिकारियों को ताश के पत्तों की तरह फेंटा जाता था। हम उसी प्रशासन से काम ले रहे हैं। जो अधिकारी बदलने को तैयार नहीं हैं, एक माह बाद उन्हें हटाना शुरू किया है।
बोले, जब सरकार के 100 दिन का लेखा-जोखा पेश करूंगा तो हर बेटी, मां, व्यापारी, नौजवान सुरक्षित महसूस करेगा। हमने प्राथमिकताएं तय कर ली हैं।
हर तबादले में लोकहित बताना होगा
- फोटो : amar ujala
योगी ने कहा, पिछले 12-15 साल से प्रदेश में तबादला उद्योग चल रहा है, अब ऐसा नहीं होगा। अब हर ट्रांसफर पर प्रत्येक मंत्री को खुद जानने के साथ ही मुझे बताना होगा कि अधिकारी को क्यों हटाया जा रहा है, इसमें क्या लोकहित जुड़ा हुआ है।
जिस अधिकारी को लगता है कि ज्यादा काम लिया जा रहा है, वह हमें बता दें, उन्हें मुक्ति देकर घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करा देंगे। वीआईपी संस्कृति समाप्त हो गई है, अब सुरक्षा स्टेटस सिंबल नहीं बनेगी। जिनसे सुरक्षा को खतरा है, उन्हें सुरक्षा नहीं देंगे।
12 साल बाद की बाढ़ से बचाव की बैठक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 12 साल से किसी मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बचाव की बैठक नहीं ली। मैंने यह बैठक की है। हमने 5000 गेहूं क्रय केंद्र खोले हैं। अब तक पिछली सरकार से चार गुना गेहूं खरीद लिया है। गन्ना किसानों को डेढ़ माह में 6000 करोड़ रुपये भुगतान दिलाया जा चुका है। पहली बार आलू का समर्थन मूल्य घोषित किया है।
एंटी रोमियो स्क्वॉयड ने 15 हजार पकड़े, कार्रवाई 500 पर
- फोटो : amar ujala
योगी ने कहा कि बालिकाओं, महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉयड जरूरी था। इसके तहत 15 हजार लोग पकड़े, इनमें 14 हजार को उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया गया।
500 को चेतावनी देकर छोड़ा गया और 500 पर कार्रवाई की गई। कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों ने इस अभियान का दुरुपयोग किया, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पूरा प्रदेश मंदिर की तरह पवित्र स्थल बने
सीएम ने कहा, तड़के 3.30 बजे से दिनचर्या शुरू करना मेरी कार्यपद्धति का हिस्सा है। गोरखपुर में गोशाला, मंदिर में समय खर्च करता था। यहां गोशाला या मंदिर तो है नहीं, इसलिए पूरी ऊर्जा इस बात में लग रही है कि पूरे प्रदेश को मंदिर की तरह पवित्र स्थल में बदल सकें।