माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए चेन्नई लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 26 जुलाई से अत्याधुनिक लिंक हाफमैन बुश(एलएचबी) बोगियों के साथ चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अभी ट्रेन परंपरागत बोगियों के साथ चलाई जा रही है। दरअसल, रेलवे प्रशासन ने पहले ट्रेन को एलएचबी से चलाने का निर्णय लिया। इसके बाद गत दिवस इस निर्णय को निरस्त करने की योजना बनाई। वहीं शुक्रवार को फिर से रेलवे प्रशासन ने एलएचबी बोगियों संग ट्रेन को चलाने का फैसला लिया। सीपीआरओ ने बताया कि 16093/94 चेन्नई सेण्ट्रल-लखनऊ-चेन्नई सेण्ट्रल द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस में 26 जुलाई से चेन्नई सेण्ट्रल से तथा 28 जुलाई से लखनऊ जंक्शन से एलएचबी बोगियों संग चलाई जाएगी। ट्रेन में सेकेंड एसी का एक, थर्ड एसी के तीन, स्लीपर के आठ, जनरल के चार कोच सहित कुल 19 कोच रहेंगे।
4 अक्तबूर से एक स्लीपर कोच होगा कम
सीपीआरओ ने बताया कि शनिवार से चेन्नई लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस में कुल 19 कोच रहेंगे। इसमें स्लीपर के आठ कोच लगाए जाएंगे। जबकि चार अक्तूबर से एक स्लीपर कोच कम कर दिया जाएगा। इनकी संख्या सात रहेगी। सेकेंड एसी, स्लीपर व जनरल के कोचों की संख्या में परिवर्तन नहीं होगा।