यूपीपीसीएल में हुए पीएफ घोटाले में शुक्रवार को ईओडब्ल्यू ने पहली चार्जशीट दाखिल कर दी। ईओडब्ल्यू ने यूपीपीसीएल के पूर्व प्रबंध निदेशक एपी मिश्रा, ट्रस्ट के सचिव पीके गुप्ता और पूर्व वित्त निदेशक सुधांशु द्विवेदी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के लिए शासन से अभियोजन स्वीकृति मांगी थी।
बृहस्पतिवार देर शाम अभियोजन स्वीकृति मिलने के बाद शुक्रवार को ईओडब्ल्यू ने विशेष न्यायाधीश संदीप गुप्ता की अदालत में चार्जशीट दाखिल की। कोर्ट ने इसे संज्ञान लेकर 1 फरवरी को आरोपियों को जेल से तलब किया है। जिन लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उन्हें गिरफ्तार हुए शुक्रवार को 90 दिन पूरे हो गए।
1 नवंबर 2019 को हजरतगंज पुलिस ने यूपीपीसीएल कर्मियों के पीएफ की रकम निजी कंपनी डीएचएफएल में निवेश करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ट्रस्ट के सचिव पीके गुप्ता और यूपीपीसीएल के पूर्व वित्त निदेशक सुधांशु द्विवेदी को गिरफ्तार किया था। अगले ही दिन इस मामले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंप दी गई थी।
ईओडब्ल्यू ने 3 नवंबर को यूपीपीसीएल के पूर्व एमडी एपी मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें चार चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं।