माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बीते शुक्रवार शाम एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। 35 वर्षीय युवक जौनपुर का मूल निवासी था, जो लखनऊ में हुसैनगंज इलाके में रह रहा था। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
घटना शुक्रवार शाम 6:50 बजे की है। जम्मू से हावड़ा जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस (13152) प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही थी, इसी बीच, वहां खड़े युवक अनिल यादव ने अचानक ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जिससे उसके ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई।
जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से बनारस से लखनऊ का जनरल टिकट मिला है। वह हाल ही में बनारस से लौटा था। उसके मोबाइल से परिजनों का नंबर निकालकर घटना की जानकारी दी गई। देर रात पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।