पकड़ में आए फायरिंग के आरोपी। स्रोत ः पुलिस
लखनऊ। पुलिस मुख्यालय से कुछ ही दूर स्थित पलासियो मॉल के बाहर शुक्रवार देर रात दो बजे जमकर बवाल हुआ। युवकों ने मॉल के सुरक्षाकर्मियों पर हमला बोल दिया। यही नहीं, जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलियां भी चलाईं। गनीमत रही कि किसी सुरक्षाकर्मी को गोली नहीं लगी। युवक जबरन मॉल के भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों ने रोका था। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी दक्षिणी निपुन अग्रवाल के मुताबिक देर रात में प्रयागराज के शिवकुटी निवासी पवन मौर्य व अभिषेक जैसवार अपने अन्य साथियों के साथ पलासियो मॉल पहुंचा था। पवन का बर्थडे थे। वह अपने साथियों के साथ जबरन मॉल के भीतर घुसने लगा। इस पर गार्ड दीपक यादव ने उन्हें रोका। इसी बात पर आरोपी नाराज हो गए और दीपक व मॉल के कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। दीपक की तहरीर पर पवन और अभिषेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। पुलिस ने शनिवार को पवन, अभिषेक और बस्ती के आवास विकास कॉलोनी निवासी अमित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी दबोच लिया जाएगा।
गेट नंबर छह पर दो पक्षों में हुआ था विवाद
गार्ड दीपक यादव की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। दीपक के मुताबिक मॉल के छह नंबर गेट पर देर रात दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों को समझाकर वहां से हटा दिया था। कुछ देर बाद तीन गाड़ियों से एक पक्ष के लोग वहां आ गए और जबरन मॉल के भीतर घुसने का दबाव बनाने लगे।
नशे में धुत थे आरोपी, साथ में थीं युवतियां
मॉल के कर्मचारियों का आरोप है कि कार सवार युवक नशे में धुत थे। साथ में कुछ युवतियां भी थीं। आरोपी काफी देर से मॉल के आसपास घूम रहे थे। दीपक का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें और साथियों को जान से मारने के इरादे से गोलियां चलाई थीं। आरोपी पवन और अभिषेक का नाम ले रहे थे। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपियों को पकड़ा है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार के मुताबिक आरोपी प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
मारपीट और फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। सोशल मीडिया पर लोग वीडियो पोस्ट कर लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे। इसके बाद आननफानन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी फोटो पोस्ट की गई। वीडियो में आरोपी गार्ड को जमीन पर गिराकर हमला करते नजर आ रहे हैं।