रामनगर (बाराबंकी)। सावन के दूसरे दिन शनिवार को श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर प्रांगण में जुटने लगी थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, गंगाजल, शहद, बेलपत्र, भांग और धतूरा से विधिवत रुद्राभिषेक किया। दिन भर माहौल में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।
लोधेश्वर धाम पहुंचे शिवभक्तों का उत्साह और भक्ति भाव देखते ही बन रहा था। कोई शिव नाम का जाप करते हुए बढ़ रहा था तो कोई हाथों में घंटी और डमरू लेकर भोलेनाथ को रिझा रहा था। मंदिर के पुजारी वीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस बार सावन मास 29 दिनों का होगा, क्योंकि त्रयोदशी तिथि का क्षय हो रहा है।
बताया कि इस बार का पहला सोमवार 14 जुलाई को है, जो धनिष्ठा नक्षत्र और आयुष्मान योग के विशेष संयोग में होगा। साथ ही इस दिन गणेश चतुर्थी का दुर्लभ योग भी बन रहा है। यह भक्तों के लिए अत्यंत फलदायी दिन होगा। वहीं दूसरा सोमवार 21 जुलाई को रोहिणी नक्षत्र में पड़ेगा, जब चंद्रमा वृषभ राशि में रहेंगे। ऐसे संयोगों में शिव पूजन विशेष फलदायी माना गया है। मंदिर और प्रवेश द्वार को आकर्षक फूलों से से सजाया जा रहा है। (संवाद)