लखनऊ। बदलते मौसम ने बच्चों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। शहर के अस्पतालों में वायरल बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि इस बार का वायरल संक्रमण सामान्य से ज्यादा लंबा खिंच रहा है। पहले जहां वायरल एक हफ्ते में ठीक हो जाता था, वहीं, अब डेढ़ से दो हफ्ते तक बना हुआ है।
बलरामपुर, डफरिन और लोकबंधु अस्पतालों में ओपीडी पर इसका सबसे ज्यादा असर दिख रहा है। कई बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें भर्ती कराना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बदलते मौसम में बच्चों का खास ख्याल रखें। थोड़ी सी लापरवाही बच्चों को अस्पताल पहुंचा सकती है।
तीन बड़े अस्पतालों में बढ़ी भीड़
बलरामपुर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि रोजाना करीब 150 से अधिक बच्चे वायरल संक्रमण के लक्षणों के साथ आ रहे हैं। इनमें 10 से ज्यादा बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है।
डफरिन अस्पताल:
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान ने बताया कि रोज 100 से अधिक बच्चे वायरल संक्रमण के लक्षणों के साथ आ रहे हैं। इनमें 5-6 बच्चों को भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे के सीने में जकड़न होने पर घर पर नेबुलाइज न करें, अस्पताल में चिकित्सकीय देखरेख में ही कराएं।
लोकबंधु अस्पताल :
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर ने बताया कि रोज 70-80 बच्चे ओपीडी में आ रहे हैं और 5-6 बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों ने दी चेतावनी
विशेषज्ञों के अनुसार, यह वायरल संक्रमण इस बार ज्यादा टिकाऊ और जटिल साबित हो रहा है। बच्चों में बुखार, खांसी-जुकाम, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ के मामले बढ़े हैं। डॉक्टरों ने कहा कि एंटीबायोटिक दवा बिना सलाह न दें और घर पर नेबुलाइज करने से बचें।
ऐसे बरतें सावधानी
बच्चे को भरपूर तरल पदार्थ दें
पैरासिटामॉल के अलावा कोई दवा डॉक्टर की सलाह से ही दें
एंटीबायोटिक खुद से न दें
वायरल होने पर बच्चे को स्कूल न भेजें
गले में खराश हो तो नमक के पानी से गरारे कराएं
नेबुलाइजेशन केवल डॉक्टर की निगरानी में कराएं
बच्चे को मास्क पहनने की आदत डालें
ऐसे करें बचाव
बच्चे को सिर्फ घर का ताजा भोजन दें
छह माह तक के बच्चे को मां के दूध के अलावा कुछ न दें
कमरे में मच्छर भगाने वाली कॉयल न जलाएं
एसी का तापमान सामान्य रखें
बच्चे को ठंडा पानी या आइसक्रीम न दें
बलरामपुर अस्पताल।
बलरामपुर अस्पताल।