लखनऊ। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने एक अहम फैसले में खरीदारों को बड़ी राहत दी है। रेरा की मुख्यालय खंडपीठ ने अजिया बोटेनिका अपार्टमेंट बायर्स एसोसिएशन बनाम अजियागाया डेवेलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड मामले में आदेश पारित करते हुए कहा है कि परियोजना में निर्मित क्लब भवन और अन्य साझा सुविधाओं को प्रमोटर अपने निजी स्वामित्व में नहीं रख सकता और न ही उनका व्यावसायिक उपयोग कर सकता है।
यह मामला राजधानी स्थित अजियागाया डेवेलपर्स की आवासीय परियोजना अजिया बोटेनिका से जुड़ा है। अपार्टमेंट स्वामियों के संघ ने रेरा में शिकायत की थी कि प्रमोटर ने बिना कानूनी सहमति के स्वीकृत लेआउट योजना में बदलाव करते हुए क्लब और साझा सुविधाओं को ‘स्वतंत्र क्षेत्र’ घोषित कर अपने कब्जे में रखने और उन्हें व्यावसायिक रूप में प्रयोग करने का प्रयास किया।
पीठ ने जांच और विस्तृत सुनवाई के बाद पाया कि प्रमोटर की यह कार्रवाई कानून के विपरीत है और खरीदारों के अधिकारों का उल्लंघन करती है। रेरा ने निर्देश दिया कि प्रमोटर रेरा अधिनियम 2016, उत्तर प्रदेश रेरा नियमावली 2016 व 2018, अपार्टमेंट अधिनियम 2010 और अपार्टमेंट नियमावली 2011 का पालन करते हुए खरीदारों के साथ किए जाने वाले विक्रय अनुबंध व विक्रय विलेख को कानूनी रूप से तैयार करे। प्रमोटर के नियमों का उल्लंघन करने पर रेरा उसके विरुद्ध कार्रवाई भी करेगा।