चिकित्सा शिक्षा विभाग में सोमवार को कई प्रधानाचार्यों के कार्यभार में बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय में कार्यरत पूर्व डीजीएमई डा. एनसी प्रजापति को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं का प्रधानाचार्य बनाया गया है, जबकि राजकीय मेडिकल कॉलेज बांदा के प्रधानाचार्य डा. मुकेश यादव को महानिदेशालय से संबद्ध किया गया है। बांदा का कार्यवाहक प्रधानाचार्य वहीं के प्रोफेसर डा. सुनील कौशल को बनाया गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार की ओर से जारी सूची में राजकीय मेडिकल कॉलेज सहारनपुर के प्रधानाचार्य डा. अरविंद त्रिवेदी को एलएलआरएम मेरठ के सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक से संबद्ध किया गया है।
स्वशासी महाविद्यालय से हटाकर बाल चिकित्सालय नोएडा से संबद्ध डा. संगीता अनेजा को सहारनपुर का कार्यवाहक प्रधानाचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डा. द्विजेंद्र नाथ को स्वशासी महाविद्यालय ललितपुर का प्रधानाचार्य, जीएसवीएम कॉलेज कानपुर के सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डा. आरके मौर्य को जालौन का कार्यवाहक प्रधानाचार्य, एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के प्रोफेसर डा. चंद्रप्रकाश पाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज का कार्यवाहक प्रधानाचार्य, बदायूं के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डा. धमेंद्र गुप्ता को उनकी मूल तैनाती स्थल एसएन मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में लौटा दिया गया है।