एलएमआरसी के डिजाइन कंसल्टेंट सियेस्ट्रा की टीम ने निरीक्षण के बाद तय किया है कि आलमाबाग में चंदरनगर पार्किंग के पास होगा मेट्रो का स्टेशन।
इस रूट पर भूमि अर्जन में एलएमआरसी को किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना होगा। टीम बृहस्पतिवार को लखनऊ आई थी। पिछले दो दिनों में टीम ने आलमबाग तक के संभावित मेट्रो स्टेशनों की लोकेशन देखी।
माना जा रहा है कि इसके लिए ज्यादा जमीन अर्जित करने की जरूरत नहीं होगी। केवल स्टेशनों के एक्जिट और एंट्री के लिए सड़क के किनारे कुछ जमीनों की जरूरत होगी।
हालांकि इसके लिए चिन्हित ज्यादातर जमीनें सरकारी हैं। ऐसे में कोई खास विवाद की आशंका नहीं है। आलमबाग में बनने वाले मेट्रो स्टेशन के लिहाज से यहां बनी एलडीए की भूमिगत पार्किंग काफी मुफीद होगी।
स्टेशनों की लोकेशन तय करने के लिए आए फ्रांसीसी कंपनी सियेस्ट्रा के अधिकारियों ने शुक्रवार को इस पार्किंग का भी निरीक्षण किया।
तय योजना के मुताबिक यहां बनने वाले मेट्रो स्टेशन का डिजाइन इस तरह से तैयार होगा ताकि मेट्रो से आने-जाने वाले इस पार्किंग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर सकें।
हालांकि इस रूट के ज्यादातर मेट्रो स्टेशनों पर किसी भी तरह की पार्किंग न होने के संकेत दिए जा चुके हैं। मेट्रो के प्राइमरी रूट पर टीपी नगर से चारबाग तक आठ स्टेशन बनने हैं।
इनके लिए अब तक ले आउट प्लान फाइनल नहीं हुआ है। इसकी जिम्मेदारी फ्रांसीस कंपनी सियेस्ट्रा को दी गई है। शुरूआती प्लान डीएमआरसी पहले ही बनाकर दे चुका है।