राममंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र 29 फरवरी को अयोध्या पहुंच रहे हैं। वे अयोध्या आकर रामलला का दर्शन करेंगे। साथ ही रामजन्मभूमि परिसर का जायजा भी लेंगे। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बनने के बाद वे पहली बार अयोध्या आ रहे हैं।
वे ट्रस्ट के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि नृपेंद्र मिश्र के अयोध्या आगमन के बाद ही रामलला को नए अस्थायी भवन में शिफ्ट करने की योजना को फाइनल रूप दिया जाएगा। वे राममंदिर निर्माण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करेंगे, जिसको लेकर अधिकारियों ने तैयारी भी शुरू कर दी है।
उधर, अस्थाई राममंदिर के लिए गुरुवार को भी परिसर में काम जारी रहा। ट्रस्ट की ओर से पीडब्लूडी से अस्थाई राममंदिर के लिए साफ-सफाई व्यवस्था व अन्य कार्यों के लिए कर्मचारियों की मांग की गई है।
पीडब्ल्यूडी खंड द्वितीय के अभियंता बीएम त्रिपाठी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उनके द्वारा अधिग्रहीत परिसर की साफ-सफाई कराई जाती रही है। अब ट्रस्ट द्वारा नए स्थान पर विराजमान रामलला को स्थापित करने को लेकर साफ-सफाई व अन्य कार्यों के लिए व्यवस्था की जा रही है।