यूपीपीसीएल जेई भर्ती में धांधली के मामले में शासन ने एसटीएफ की रिपोर्ट के आधार पर शुक्रवार को विद्युत सेवा आयोग के अध्यक्ष एके सक्सेना और सचिव जीसी द्विवेदी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन परीक्षा कराने वाली संस्था अप्टेक की तरफ से कराई जाने वाली जेई समेत सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
वहीं, सभी परीक्षाओं के संचालन के लिए कार्यदायी संस्थाओं के पैनल को भंग कर अप्टेक को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। अब नई एजेंसी का चयन कर नए सिरे से परीक्षा कराई जाएगी।
जेई भर्ती परीक्षा-2018 में धांधली की जांच करने वाली एसटीएफ की रिपोर्ट को शासन और पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस मामले में शासन ने गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के साथ ही भविष्य में भर्तियों की प्रक्रिया को फुलप्रूफ बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
फिलहाल विद्युत सेवा आयोग के अध्यक्ष व सचिव पर गाज गिरी है लेकिन सूत्रों का कहना है कि जल्द ही कुछ और अधिकारी व कर्मचारी भी कार्रवाई के घेरे में आएंगे। प्रमुख सचिव ऊर्जा ने बताया कि जेई परीक्षा में धांधली की शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने इसकी जांच एसटीएफ से कराकर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके मद्देनजर एसटीएफ की रिपोर्ट आने के बाद आयोग के अध्यक्ष व सचिव को निलंबित करने का निर्णय किया गया।